चंडीगढ़। हरियाणा के अंबाला में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। वहां सेना के एक रिटायर्ड फौजी ने अपने ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। रिटायर्ड फौजी ने धारदार हथियार से भाई समेत 5 लोगों की निर्मम हत्या कर दी। घटना रविवार रात को नारायण गढ़ थाने के रतौर गांव की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय मां सरोपी देवी, 35 वर्षीय भाई हरीश कुमार, हरीश की पत्नी सोनिया (32 वर्ष), बेटी याशिका (5 वर्ष) और 6 महीने का बेटा मयंक के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का नाम भूषण कुमार है। देर रात उसने पहले भाई पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद एक-एक कर पूरे परिवार को खत्म कर दिया। उसने शवों को जलाने की भी कोशिश की। भूषण ने अपने पिता और भाई हरीश की बड़ी बेटी पर भी हमला किया। उन्हें गंभीर चोटें आईं और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनो भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने अधजले शवों को कब्जे में लेकर अंबाला कैंट अस्पताल पहुंचाया। आरोपी भूषण कुमार वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। पुलिस उसे पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।