मुंबई। वानखेड़े स्टेडियम क्षमता के हिसाब से बहुत छोटा है। वानखेड़े एक ऐतिहासिक स्टेडियम है, लेकिन अब मुंबई में एक नए स्टेडियम पर विचार किया जा रहा है। नया स्टेडियम वानखेड़े से करीब 4 गुना बड़ा होगा यानी नए स्टेडियम में बैठने की क्षमता वानखेड़े से करीब 4 गुना ज्यादा होगी। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेन्द्र फड़नवीस ने इस नए स्टेडियम के बारे में बात की है।
हाल ही में टीम इंडिया ने बारबाडोस में टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता है। चैंपियन टीम इंडिया ने बारबाडोस से लौटने के बाद मुंबई में खुली बस के साथ विजय परेड भी की। इस जीत और विजय परेड के बाद रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे को महाराष्ट्र विधानसभा में आमंत्रित किया गया। रोहित शर्मा ने विधानसभा में मराठी में भाषण भी दिया।
इसके बाद डिप्टी सीएम देवेन्द्र फड़णवीस ने नए स्टेडियम को लेकर बात करते हुए कहा कि अब मुंबई को एक आधुनिक स्टेडियम की जरूरत है। जिसमें अधिक लोगों के बैठने की क्षमता हो।
देवेंद्र फड़णवीस ने कहा, मुंबई को अब वानखेड़े से भी बड़े स्टेडियम की जरूरत है। मैं जानता हूं कि वानखेड़े एक ऐतिहासिक स्टेडियम है लेकिन अब मुंबई को 1 लाख से अधिक की क्षमता वाले एक नए स्टेडियम की जरूरत है और हम निकट भविष्य में इसे बनाने की कोशिश करेंगे। हालांकि, नए स्टेडियम के निर्माण के लिए किसी तारीख की घोषणा नहीं की गई है। वानखेड़े स्टेडियम 1974 में बनाया गया था। स्टेडियम में लगभग 32,000 लोगों के बैठने की क्षमता है। यह वह ऐतिहासिक मैदान है जहां टीम इंडिया ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2011 वनडे विश्व कप फाइनल जीता था। धोनी ने इसी मैदान पर छक्का मारकर 2011 वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई थी।