अहमदाबाद। बोटाद जिले के सारंगपुर में 4 और 5 जुलाई को भाजपा कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सीअार पाटिल का कार्यकाल पूरा हो गया है। पाटिल को केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। पाटिल की जगह प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा? इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषण भी हो सकती है।
सारंगपुर के पुरुषोत्तम मंदिर में भाजपा की दो दिवसीय बैठक कल से शुरू हाे रही है। बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहेंगे। कार्यकारिणी की बैठक में अगले संगठनात्मक कार्यक्रमों की योजना बनाई जाएगी। इसके साथ ही आगामी पंचायत-पालिका चुनाव को लेकर रणनीति बनेगी। बैठक में आपातकाल को लेकर लोकसभा में पारित प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके अलावा जुलाई के दूसरे सप्ताह से भाजपा संगठन पर्व मनाने जा रही है, इसे लेकर पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा होगी।
पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा था कि अगले चुनाव में हम गुजरात में भी जीतेंगे। राहुल गांधी के चैलेंज पर भाजपा कार्यकारिणी की बैठक होगी। बता दें, लोकसभा चुनाव में गुजरात में हैट्रिक लगाने का भाजपा का सपना चकनाचूर हो गया। बनासकांठा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवा गेनीबेन ठाकोर की जीत पर भी भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक में मंथन होगा।