हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के फुलरई गांव में बड़ा हादसा हो गया। भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मचने 116 लोगाें की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी हैं। गांव में भोले बाबा का सत्संग चल रहा था। सत्संग खत्म होने के बाद भीड़ जैसे ही बाहर निकलने लगी, तभी भगदड़ मच गई। भीड़ में दबने से कई लोग घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को जिला अस्पताल लाकर उनकी शिनाख्त की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी एक महिला ने बताया कि सत्संग में भारी भीड़ थी। सत्संग खत्म होने के बाद लोग निकल रहे थे और पहले निकलने के चक्कर में भगदड़ मच गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। सोशल मीडिया(X) पर लिखा है- जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रपति द्राैपदी मुर्मु ने भी घटना पर दुख जतया है। सोशल मीडिया (X)पर पोस्ट करते हुए लिखा है- उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
ये है हादसे की वजह; बाबा की कार निकली, लोग पैर छूने दौड़ और भगदड़ मच गई
हाथरस जिले के सिंकद्राराऊ थानांतर्गत फुलरगई मुगलगढ़ी गांव में साकार हरि बाबा का खेत में एक दिवसीय सत्संग चल रहा था। दोपहर पौने दो बजे सत्संग होने के बाद बाबा की कार निकली, लोग पैर छून दौड़ पड़े और भगदड़ मच गई। इस दौरान कई लोग नीचे गिर गए, उनकी परवाह किए बगैर लोग उन पर चढ़कर निकलने लगे। सत्संग लाखों लाेगों की भीड़ जमा हुई थी। 50 से 60 बीघा खेत में पंडाल लगाया गया था। गर्मी, उमस और भीड़ में दम घुटने से कई अनुयायी वहीं बेहोश होकर गिर गए। सत्संग में महिलाएं और बच्चे भी थे।
