अहमदाबाद। महेसाणा जिले के मोढेरा सूर्य मंदिर में 1 जनवरी, 2024 को राज्यस्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी माैजूद रहेंगे। प्रदेशभर में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 6 प्रतियोिगयों को पुरस्कार दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मोढेरा के सूर्य मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में 3000 हजार से अधिक लोग एक साथ सूर्य नमस्कार करेंगे। प्रदेशभर में अलग-अलग 107 स्थानों पर 1 जनवरी, 2024 को आयोजित होने वाले सूर्य नमस्कार को गिनीज बुक आॅफ रिकार्ड्स में भी दर्ज कराने की योजना है। महेसाणा जिले में शर्मिष्ठा तालाब और हाटकेश्वर मंदिर में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया है।
महेसाणा के जिला कलेक्टर डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि नववर्ष के पहले दिन राज्यस्तरीय सूर्य नमस्कार का आयोजन सुबह 7:30 बजे किया गया है। इसका मूल उद्देश्य लोगों को निराेगी जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। कलेक्टर ने बताया कि सूर्य नमस्कार के दौरान राज्यस्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया है।
सूरत में तीन स्थानों का सूर्य नमस्कार का आयोजन
गुजरात राज्य योग बोर्ड और सूरत महानगर पालिका की ओर से 1 जनवरी, 2024 को सुबह 7:00 बजे डूमस बीच, पुलिस परेड ग्राउंड और चौक बाजार किले में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया है। सूर्य नमस्कार का मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंउ में होगा। मनपा आयुक्त शालिनी अग्रवाल के मार्गदर्शन में नगर निगम, खेलकूद विभाग, योग बोर्ड एवं युवा बोर्ड के सहयोग से आयोजित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।