नई दिल्ली। संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में नीट के मुद्दे पर विपक्ष ने भारी हंगामा करते हुए चर्चा करने की मांग की। हंगाम के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संसद के संयुक्त सत्र को संबाेधित करने के बाद आज लोकसभा और राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जा रहा था, लेकिन विपक्ष ने नीट की परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नीट पर चर्चा करने की मांग की।
नियमानुसार राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद संसद के दोनों सदनों में चर्चा होती है। यह चर्चा धन्यवाद प्रस्ताव के तहत होती है। विपक्ष ने नेता राहुल गांधी ने नीट परीक्षा में गड़बड़ी पर चर्चा की मांग की तो विधानसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आप राष्ट्रपति के संबोधन पर चर्चा के दौरान दूसरा कोई विषय नहीं उठा सकते हैं। अाप बाद में विस्तार से अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं।
राहुल गांधी ने अध्यक्ष से दो मिनट का समय देने की मांग की। इस पर स्पीकर ने कहा कि आपको अपनी पार्टी का दो मिनट नहीं बल्कि पूरा समय लेना चाहिए। इसके बाद अध्यक्ष ने सदस्यों से अपने नाम के आगे अंकित प्रपत्र सदन के पटल पर रखने को कहा। जिस पर विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी की और हंगामा किया। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।