अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव के बाद गुजरात भाजपा की पहली कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है। आमतौर पर भाजपा की ज्यादातर कार्यकारिणी की बैठकें गांधीनगर में होती रही हैं, लेकिन इस बार जगह बदल दी गई है। बीजेपी की घोषणा के अनुसार कार्यकारिणी की बैठक 4 और 5 जुलाई को सारंगपुर में होगी। कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, गुजरात भाजपा संगठन प्रभारी सुधीर गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल समेत कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष सीआर पाटिल के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से राज्य के संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव होने की उम्मीद है। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
सीआर पाटिल की अध्यक्षता में भाजपा ने गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से 25 पर जीत हासिल की है, जिसमें दक्षिण गुजरात की नवसारी सीट से सीआर पाटिल चौथी बार जीते हैं। इसके अलावा उनकी अध्यक्षता में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 182 सीटों में से 156 सीटें जीतीं।