अयोध्या। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि परिसर में तैनात एसएसएफ (स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स) जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। जवान को गोली कैसे लगी अभी तक इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि श्रीराम जन्मभूमि की सुरक्षा में तैनात एसएसएफ जवान बुधवार सुबह 5 बजे गोली लगने से घायल हो गया था। गोली की आवाज सुनकर साथी मौके पर पहुंचे तो जवान खून से लथपथ पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। ट्राॅमा सेंटर में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक एसएसएफ जवान अंबेडकरनगर का रहने वाला था। मृतक का नाम शत्रुघ्न विश्वकर्मा (47) था। घटना की सूचना मिलते ही आईजी-एसएसपी समेत पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
बुधवार को तड़के हुई गोलीबारी से राम जन्मभूमि परिसर में हड़कंप मच गया था। फोरेन्सिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। मृतक जवान के साथियों का कहना है कि वह कई दिनों से कुछ परेशान सा रहता था। गोली लगने से पहले वह मोबाइल देख रहा था। पुलिस ने मृतक शत्रुघन का मोबाइल जांच के लिए लैब में भेज दिया है। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच जवानों से पूछताछ कर है। शुरूआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
मृतक शत्रुघ्न विश्वकर्मा 2019 में एसएसएफ में भर्ती हुआ था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि की सुरक्षा करने के लिए 4 साल पहले एसएसएफ का गठन किया था।