अहमदाबाद। बनासकांठा लोकसभा सीट से चुनाव जीतने वाली कांग्रेस उम्मीदवार गनीबेन ठाकोर ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। लोकसभा चुनाव लड़ने से पहले वह वाव विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक थी। गनीबेन ठाकोर ने गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को अपना इस्तीफा साैंप दिया है।
गुजरात को भाजपा का गढ़ माना जाता है। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात की सभी 26 सीटों पर विजय हासिल की थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी सभी सीटें जीतने की योजना बनाई थी, बनासकांठा संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतकर कांग्रेस उम्मीदवार गनीबेन ठाकोर ने भाजपा की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। गनीबेन ठाकोर गुजरात से कांग्रेस की अकेली सांसद हैं। गनीबेन ठाकोर को 6,71,883 और भाजपा उम्मीदवार रेखाबेन चौधरी को 6,41477 वोट मिले थे। गनीबेन ने रेखाबेन को 30,406 वोटों से हराया है। गनीबेन ठाकोर 2017 और 2022 में वाव सीट से विधानसभा चुनाव जीती थी। 2012 में भाजपा उम्मीदवार शंकर चौधरी से चुनाव हार गई थी। गनीबेन के इस्तीफा देने से गुजरात में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 12 हो गई है। वाव सीट पर छह माह के भीतर उपचुनाव हो सकते हैं।