नई दिल्ली। मोहन चरण माझी ओडिशा में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे। वह बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ केवी सिंह देव और प्रवती परिदा को उपमुख्यमंत्री की शपथ दिलाई जाएगी। 11 जून को मोहन माझी को विधायक दल का नेता चुनाव गया। राजनाथ सिंह और भूपेन्द्र यादव को मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए पर्यवेक्षक बनाकर ओडिशा भेजा गया था। भाजपा ने ओडिशा के विधानसभा चुनाव में 147 में से 78 सीटें जीती है। ओडिशा में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
क्योंझर सीट से चुनाव जीतने वाले मोहन माझी आदिवासी नेता हैं। उन्होंने बीजू जनता दल की मीना मांझी को 11,577 वोटों से हराया है। मोहन माझी 1997 से 2000 तक गांव के सरपंच रहे। इसके बाद भाजपा आदिवासी मोर्चा के सचिव नियुक्त किए गए। साल 2000 में पहली बार क्योंझर सीट से विधायक चुने गए। वह चार बार विधायक रह चुके हैं। 2004, 2019, 2024 में इसी सीट से चुनाव जीते हैं। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मोहन माझी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से ओडिशा में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा लोगों के विश्वाास पर खरा उतरने की कोशिश करेगी।