नई दिल्ली। देश में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में तापमान 46 डिग्री को पार कर गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में पांच दिनों का रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को राजस्थान में लू और गर्मी से 8 लाेगों की मौत हो गई। बाडमेर में शुक्रवार को दूसरे दिन पारा 48 डिग्री से ऊपर था। भारत-पाकिस्तान की सीमा पर जैसलमेर में तापमान 53 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजस्थान में सरकारी अस्पतालों के सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुटि्टयां रद्द कर दी गई हैं।
गुजरात में भयंकर गर्मी से लोग परेशान हो गए हैं। अधिकांश शहरों में तापमानर 44 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। अमदाबाद में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। गांधीनगर में भी तापमान 46 डिग्री पहुंच गया है। राजकोट, वडोदरा, अहमदाबाद में 25 मई तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश मे भयंकर गर्मी के साथ-साथ आंधी-तूफान से लोग परेशान हो गए हैं। मौसम विभाग ने 14 शहरों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 6 जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य प्रदेश में ग्वालियर, चंबल, मालवा, निमार, इंदौर, उज्जैन, खंडवा, शाजापुर में भयंकर गर्मी पड़ रही है। अधिकांश शहरों में पारा 44 से 46 डिग्री तक पहुंच गया है।
हरियाणा के तीन जिलों सिरसा, महेन्द्रगढ़ और रेवाडी में हीटवेव का रेड अलर्ट, 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में यलो अलर्ट है। इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा में भी हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।