पटना। बिहार की काराकार लोकसभा सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे भोजपुरी स्टार पवन सिंह को भाजपा ने पार्टी से निकाल दिया है। भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी की काराकार में एनडीए के उम्मीदवार राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के समर्थन में रैली करने से पहले यह कार्यवाही की है। भाजपा के बिहार प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा ने पवन सिंह के नाम जारी चिट्ठी में लिखा है- लोकसभा चुनाव में आप एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। आपका यह कार्य दल विरोधी है। जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है तथा पार्टी अनुशासन के खिलाफ आपने यह कार्य किया है। अत: आपको दल विरोधी इस कार्य के लिए माननीय प्रदेश अध्यक्ष के आदेशानुसार पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
बता दें, बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई है। पवन सिंह भाजपा से बगावत करके काराकाट सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, इससे एनडीए के उम्मीदवार उपेन्द्र कुशवाहा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भाजपा ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल से लोकसभा का टिकट दिया था। हालांकि उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए टिकट लौटा दिया था।