नूंह। हरियाणा में कुंडली-मानेसर-पलवल(KMP) एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार-शनिवार की रात यात्रियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और कई आग में झुलस गए। आग में झुलसे लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुलसने वालों की संख्या 28 बताई जा रही है। बस में 60 से ज्यादा लोग सवार थे। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। खिड़कियों में लगे कांच को तोड़कर यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद स्थानीय लाेग भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने, अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने लगे। बस में सवार सभी पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले बताए जाते हैं। इसमें सवार यात्री मथुरा, वृंदावन में दर्शन करके वापस आ रहे और एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस हादसे की जांच करने में जुट गई है। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।