अहमदाबाद। गुजरात में गर्मी ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को प्रदेश के 11 शहरों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री को पार कर गया। इसी से आग बरसती गर्मी का अंदाजा लगाया जा सकता है। हिम्मतनगर 45 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। अहमदाबाद, सुरेन्द्रनगर, डीसा, गांधीनगर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अहमदाबाद में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग ने अहमदाबाद में शनिवार-रविवार को ऑरेंज और सोमवार-मंगलवार को यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम की जानकारी रखने वाले निजी संस्थानों की मानें तो अहमदाबाद में 22 मई तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास रह सकता है, इसके बाद 46 डिग्री के पार होने का अनुमान है।
शुक्रवार को डांग, छोटा उदेपुर, वडोदरा, अमरेली, राजकोट और भुज में अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढोतरी होने का अनुमान जताया है। प्रदेश के अधिकांश शहरों में पांच दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने पोरबंदर, राजकोट, द्वारका, वलसाड, सूरत समेत अधिकांश बड़े शहरों में अगले पांच दिनों तक हीटवेव की चेतावनी दी है।