लखनऊ में अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लखनऊ में संयुक्त प्रेस काॅनफ्रेंस की। अरविंद केजरीवाल ने पत्रकारों काे संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव जीतेगी तो अमित शाह प्रधानमंत्री बनेंगे और दो महीने के भीतर योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री पद से हटाएंगे। केजरीवाल ने निशाना साधते हुए कि भाजपा का इरादा संविधान बदलने और आरक्षण को खत्म करने का है। केजरीवाल ने कहा कि 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी 17 सितंबर 2025 को 75 साल के हो जाएंगे। पीएम मोदी ने 17 सितंबर 2025 को अमित शाह को अपना उत्तराधिकारी प्रधानमंत्री बनाने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री ने अब तक यह नहीं कहा है कि वह 75 साल के बाद रिटायर नहीं होंगे, लेकिन पीएम मोदी ने यह नियम बनाया है और मुझे पूरी उम्मीद है कि वह इस नियम का पालन करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि इस बार भाजपा को 220 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान में भाजपा की सीटें कम हो रही हैं। इस बार भाजपा की सरकार नहीं बनेगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि चार चरणों में हुए मतदान में भाजपा पिछड़ रही है। इस बार 140 सीटों से ज्यादा नहीं जीत पाएगी। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में भाजपा को करारी शिकस्त मिलेगी। हमें रोटी, कपड़ा और मकान के साथ आरक्षण को भी बचाना होगा।