मोरबी। मोरबी में तनिष्क के शो रूम में काम करने वाले कर्मचारियों ने करोड़ों की घपलेबाजी की है। गहना बेचने की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारी ने दूसरे कर्मचारियों के साथ मिलकर सोने के 73 गहनों की फर्जी रसीद बनाकर कंपनी को 1करोड़, 56लाख, 14 हजार रुपए का गबन किया है। कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मोरबी के रवापर लीलापर रोड पर प्लेटिनम हाईट्स में रहने वाले विमल पुत्र बावनभाई भीलाडिया ने आरोपी कर्मचारी हरि पुत्र जयंतीलाल भट्टी, अाशीष, इरफान सादिक वडगामा, भावना प्रेमजी सोलंकी और धवल पुत्र अल्पेश पटनी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शो रूम में मैनेजर के दो पद हैं, इसमें एक पद रिक्त है। राजकोट से परिमलभाई ने मैनेजर का पद संभालने के बाद स्टॉक की टैली करवा रहे थे। जामनगर से एक टीम गहनों की वेरिफाई करने मोरबी आई थी। स्टॉक की जांच करने पर पता चला कि बहुत गहने गायब हैं। कर्मचारियों से पूछताछ करने के बाद गहनों की चोरी का मामला सामने आया। कर्मचारियों ने बताया कि गहने बेचने के बाद रुपए कंपनी में जमा नहीं करवाए थे। मोरबी पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।