अमरेली। लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद गुजरात भाजपा में अंतर्कलह शुरू हाे गई है। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व सांसद नारण काछड़िया ने पार्टी के नेताओं पर गुस्सा उतारा है। काछडिया ने कहा- जो ठीक से बोल नहीं पाता, इंटरव्यू नहीं दे सकता, उसको टिकट दे दिया। भाजपा ने इस बार अमरेली से नारण काछड़िया का टिकट काटकर उनके बदले भरत सुतरिया को मैदान में उतारा था।
इससे एक दिन पहले सहकारी क्षेत्र के दिग्गज नेता दिलीप संघाणी ने नाम लिए बगैर सीआर पाटिल पर आरोप लगाए थे। उन्होंने कांग्रेस से भाजपा में आने वाले नेताओं को पद देने को लेकर प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठाए थे।
सावरकुंडला में एक कार्यक्रम में भाजपा के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए नारण काछड़िया ने कहा कि जो ठीक से थैंकू नहीं बोल पाता, पार्टी ने उसे टिकट दे दिया। आज भी मैं अमरेली जिले के कार्यकर्ताओं के साथ हूं। आधी रात को भी फोन करोगे तो मैं आ जाऊंगा। मैं हमेशा आपके साथ जुड़ा रहूंगा।
उन्होंने बाहरी उम्मीदवारों को लेकर भाजपा पर नाराजगी व्यक्त की। काछड़िया ने कहा कि कांग्रेस और आप के नेता सुबह भाजपा में आते हैं और दोपहर में उन्हें चुनाव लड़ने का टिकट मिल जाता है। भाजपा को अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ताओं की कदर करने की जरूरत है। काछड़िया ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में अमरेली में डेढ़ लाख वोट कम पड़े हैं। मतदाताओं की निरसता और कार्यकर्ताओं की उदासीनता इसका मूल कारण है। 2019 में हम तहसील पंचायत, जिला पंचायत, नगरपालिका और विधानसभा चुनाव में 2 लाख से अधिक वोटों से चुनाव जीते थे।
बता दें, अमरेली में भरत सुरतिया को उम्मीदवार बनाए जाने का कड़ा विरोध हुआ था। उम्मीदवार बदलने के पोस्टर लगाए गए थे। प्रभारी भूपेन्द्रसिंह चूडासमा ने अमरेली में डैमेज कंट्रोल की कोशिश भी की थी।