मास्को। लोकसभा चुनाव के बीच रूस ने बड़ा दावा किया है। रूस का कहना है कि अमेरिका भारत के लोकसभा चुनाव में हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहा है। अमेरिका का मकसद लोकसभा चुनाव के दौरान भारत को अस्थिर करना है। खालिस्तान समर्थक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ हत्या की साजिश करने के अमेरिका के आरोपों को खारिज करते हुए रूस से भारत का खुलकर समर्थन किया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाशिंगटन ने अभी तक इसमें किसी भारतीय के शामिल होने का कोई विश्वसनीय सबूत नहीं दिया है।
रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि अमेरिका भारत के राजनीतिक माहौल में खलल डालने की कोशिश कर रहा है। उसे भारत की राजनीतिक समझ और इतिहास की जानकारी नहीं है। जखारोवा ने यह बयान भारत में धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी रिपोर्ट के संदर्भ में दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका लगातार भारत की धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। इसका कारण भारत के आंतरिक राजनीतिक माहौल को बिगाड़ना और आम चुनाव में बाधा डालना है। जखारोवा ने कहा कि अमेरिका की हरकतें साफ तौर पर भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप को दर्शाती हैं। रूसी प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका लगातार भारत का अपमान कर रहा है।