नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान पर एक फिर विवाद शुरू हो गया है। सैम पित्रोदा के विविधता वाले बयान को लेकर भाजपा ने आक्रामक होते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा देश को बांटने वाली है। दरअसल सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में देश की विविधता पर बात करते हुए कहा कि भारत में पूर्वोत्तर के लोग चीनी जैसे लगते हैं, दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं। इससे पहले सैम पित्रोदा के विरासत टैक्स पर दिए बयान पर भी भारी विवाद हुआ था।
एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा कि- हम भारत जैसे विविधता वाले देश को एकजट रख सकते हैं। जहां पूर्वोत्तर के लोग चीनी जैसे लगते हैं, दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं और पश्चिम के लोग अरब जैसे हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम सभी भाई-बहन हैं। भारत में रीति-रिवाज, खान-पान, धर्म, भाषा अलग-अलग हैं, लेकिन भारत के लोग एक साथ मिलकर रहते हैं।