राजकोट। राजकोट से सनसनीखेज खबर सामने आई है। माताजी का प्रसाद खाने के बाद 400 लोगों की तबीयत खराब हो गई। इसमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। एक साथ इतने लोगों काे फूड पॉइजनिंग होने की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया।
राजकोट जिले की जसदण तहसील के गोखलाणा गांव में सोमवार को माताजी के मंदिर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें हजारों लोगों की भीड़ जुटी थी। माताजी का प्रसाद खाने के बाद एक साथ 400 लोगों की तबीयत खराब हो गई। इसमें 5 से 12 साल के बच्चे भी हैं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे फूड विभाग ने प्रसाद का सैम्पल लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फूड पॉइजनिंग के शिकार लोगों को जसदण के सरकारी और कुछ को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
बता दें, जसदण तहसील के गोलखाणा गांव में पानी की टंकी के पास बावलवाली मेलडी माताजी के मंदिर में हर साल भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। आसपास के गांवों के लोग प्रसाद लेने के लिए यहां आते हैं। सोमवार को प्रसाद खाने के बाद कई लोगों की तबीयत खराब हो गई।