नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 30 अप्रैल को तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगे। रविवार को आम आदमी पार्टी की ओर से यह जानकारी दी गई। तिहाड़ जेल में भगवंत मान की केजरीवाल से यह दूसरी मुलाकात होगी। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के सिलसिले में भगवंत मान मुलाकात करने वाले हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब, दिल्ली, गोवा, गुजरात समेत अन्य राज्यों में चुनाव के लिए कुछ संदेश दे सकते हैं। इसके अलावा दोनों के साथ जेल में चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होगी। प्रवर्तन निदेशालय ने शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।
29 अप्रैल को केजरीवाल की मुलाकात उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से होने वाली थी, पर जेल प्रशासन ने पत्नी से मिलने की इजाजत नहीं दी। जेल प्रशासन ने मुलाकात रद्द करने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं किया है। जेल के नियमों के अनुसार सप्ताह में दो बार मिलने का नियम है। पत्नी सुनीता अब तक केजरीवाल से 4-5 बार तिहाड़ जेल में मिल चुकी हैं। जेल प्रशासन का कहना है कि पहले से फिक्स दो मीटिंग होने के बाद सुनीता केजरीवाल को मिलने की मंजूरी दी जाएगी। मंगलवार के बाद सुनीता केजरीवाल मिल सकती हैं।