नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने इस्तीफा दे दिया है। वह पार्टी से नाराज थे और पिछले कई दिनों से कार्यालय नहीं आ रहे थे। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी से गठबंधन के खिलाफ थे। अरविंदर सिंह लवली पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के काफी करीबी हैं। वह चाहते थे कि दिल्ली उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से राजकुमार चौहान को टिकट दिया जाए, पर ऐसा नहीं हुआ। उनकी नाराजगी का एक कारण यह भी बताया जाता है।
अरविंदर सिंह लवली ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे को भेजे गए अपने इस्तीफे में लिखा है- दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद, पार्टी ने दिल्ली में AAP के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।
अरविंदर सिंह लवली दिल्ली उत्तर-पूर्व में कन्हैया कुमार को टिकट देने से भी नाराज थे। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा है कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उम्मीदवार पार्टी लाइन से हटकर दिल्ली के मुख्यमंत्री की झूठी प्रशंसा कर रहे है और मीडिया में बयानबाजी कर रहे हैं।