सूरत। सूरत लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार के निर्विरोध चुने जाने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश कुंभाणी की खूब किरकिरी हो रही है। कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश कुंभाणी नामांकन-पत्र रद्द होने के बाद से लापता हैं। सूरत में पाटीदारों की सर्वाधिक आबादी वाले क्षेत्रों में नीलेश कुंभाणी के खिलाफ भारी नाराजगी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दाे दिन पहले नीलेश कुंभाणी के घर जाकर विरोध प्रदर्शन किया था। अब नीलेश कुंभाणी के विरोध में बैनर लगने भी शुरू हो गए हैं। वराछा में एक जगह लगे बैनर में लिखा गया है- इन्हें पहचानो, ये हैं लोकतंत्र के हत्यारे-गद्दार। बैनर में नीलेश कुंभाणी की फोटो के नीचे वांटेड लिखा गया है। इसके बाद लिखा गया है- सूरत लोकसभा के 19 लाख मतदाताओं के अधिकारों का सौदा करने वाले को पहचानो और ये जहां भी दिखाई दें, इनसे सवाल करके सबक सिखाएं।
विवाद के बीच घर पहुंची कुंभाणी की पत्नी ने किया बड़ा दावा
नामांकन-पत्र रद्द होने के बाद नीलेश कुंभाणी समेत पूरा परिवार अचानक गायब हो गया था। अमरेली के कांग्रेस नेता की धमकी के बाद नीलेश कुंभाणी के घर पर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। वहीं, गुरुवार को नीलेश कुंभाणी का परिवार नाटकीय अंदाज में सरथाणा में स्थित आवास पर पहुंच गया। इसी बीच नीलेश कुंभाणी की पत्नी ने बड़ा दावा किया है। पत्नी ने कहा कि नीलेश अहमदाबाद में हैं और जल्द ही कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात करेंगे।