मुंबई। मालाड इलाके में होली पर दोस्त से शराब पीने से इनकार किया तो पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। मालाड पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक सड़क के किनारे बेहोश पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई। कांदिवली के शताब्दी अस्पताल में युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के शरीर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। पुलिस ने चोट के निशान के आधार पर हत्या का केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू की। मृतक की पहचान उत्तम पुत्र मोतीचंद्र चौधरी के रूप में की गई है। वह उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के बड़हरा गांव का मूल निवासी था।
पुलिस ने बताया कि उत्तम मालाड इलाके में फल बेचता था। साेमवार को होली के दिन उत्तम का उसके दोस्त कृष्णा यादव के साथ झगड़ा हुआ था। कृष्णा यादव उत्तम की हत्या करने के बाद बिहार भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि कृष्णा यादव होली के दिन शराब पी रहा था। वह उत्तम को भी शराब पिलाने की काेशिश कर रहा था, पर उत्तम ने शराब पीने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया और कृष्णा ने उसकी पिटाई कर दी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उत्तम की मौत हो गई। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।