सूरत। कतारगाम रोड पर नगर निगम के बेकाबू डंपर ने मोपेड को टक्टर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दिव्यांग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दिव्यांग महिला मोपेड से हीरे के कारखाने में नौकरी करने जा रही थी। हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। नगर निगम के अधिकारियाें को देखते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की पहचान मनीषा निकुंजीभाई बारोट(उम्र-45) के रूप में की गई है। वह कतारगाम, शक्ति डायमंड अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहती थी। मनीषा के पति का 10 साल पहले निधन हो गया था। मनीषा को 16 साल की एक बेटी भी है, जो दसवीं में पढ़ती है। हाल ही में उसकी बोर्ड की परीक्षा खत्म हुई है। पहले पिता और अब मां के खोने के बाद 16 साल की बेटी अनाथ हो गई। मनीषा कारखाने में हीरा तराशने का काम करती थी।
पुलिस ने बताया कि मनीषा सुबह मोपेड से कारखाने में जा रही थी, तभी कतारगाम रोड पर नगर निगम के बेकाबू डंपर से टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर लगते ही मनीषा सड़क पर गिर गई और डंपर कुचलते हुए आगे निकल गया। मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रवाना कर दिया।