नई दिल्ली। पिछले कुछ समय से वरुण गांधी के चुनाव लड़ने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थी। वरुण गांधी ने इस पर विराम लगात हुए ऐलान किया है कि वह किसी भी सीट से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। भाजपा ने इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया है। वरुण गांधी ने साफ कर दिया है कि वह अपनी मां मेनका गांधी के लिए सुल्तानपुर में चुनाव प्रचार करेंगे।
उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने वरुण गांधी का टिकट काटे जाने पर कहा था कि पार्टी ने इस बार उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं दिया है, लेकिन वह हमारे साथ हैं। पार्टी ने उनके बारे में कुछ अच्छा ही सोचा होगा। टिकट कटने के बाद अधीर रंजन चौधरी ने वरुण गांधी को कांग्रेस में आने का ऑफर भी दिया था। उन्होंने कहा था कि वह गांधी परिवार से संबंध रखते हैं, इसलिए भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया है। भूपेन्द्र सिंह ने पलटवार करते हुए कहा था कि वरुण गांधी भाजपा के सच्चे सिपाही हैं, हमें भरोसा है कि वह भाजपा में ही रहेंगे। वह गांधी परिवार से हैं और भाजपा ने उन्हें तीन बार सांसद बनाया है। बता दें, भाजपा ने इस बार पीलीभीत से वरुण गांधी की जगह जितिन प्रसाद को टिकट दिया है।