गांधीनगर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ रंग खेलकर होली मनाई। इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि होली का त्योहार असत्स पर सत्य की विजय का प्रतीक है। होली का त्योहार समानता का प्रतीक है। उन्होंने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को गुलाल लगाते हुए कहा कि आज गांधीनगर लोकसभा परिवार की ओर धुलेटी का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
भरुच संसदीय सीट के भाजपा उम्मीदवार मनसुख वसावा ने कहा कि इस बार भी भरुच में कमल ही खिलेगा। केसरिया रंग से प्रभावित होकर लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गांधीनगर सीट पर तीसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। गुजरात में तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। इससे पहले ही कार्यकर्ताओं ने प्रचार शुरू कर दिया है। गांधीनगर लोकसभा के प्रभारी और राज्यसभा सांसद मयंक नायक ने गांधीनगर में अलग-अलग समाज के नेताओं के साथ बैठक की।
केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने होली नहीं मनाई
आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में होली नहीं मनाई। पार्टी नेता इशुदान गढवी ने कहा कि केजरीवाल को गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है। भाजपा ने चुनावी बॉन्ड के नाम पर चंदे की वसूल की है। इससे लोगों का ध्यान भटकाने के लिए केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। हमें पूरा विश्वास है कि केजरीवाल जेल से सरकार चलाएंगे।