नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले बैंक खाते फ्रीज करने के मामले पर कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर बरसे। खडगे ने कहा कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए है। सत्तापक्ष ने यह कार्रवाई इसलिए की है ताकि हम चुनाव न लड़ सकें। हमें लोकतंत्र को बचाना है और सभी को समान अवसर मिलना चाहिए। मोदी सरकार ने देश के संसाधन, मीडिया और संवैधानिक तथा न्यायिक संस्थानों पर कब्जा कर लिया है। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने केवल कांग्रेस के बैंक खाते को फ्रीज नहीं किया है बल्कि भारत के लोकतंत्र को फ्रीज कर दिया है। यह देश की सबसे बड़ी पार्टी को पंगु बनाने की कोशिश है। वहीं, सोनिया गांधी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए चुनाव बॉन्ड का उल्लेख करके भाजपा की केंद्र सरकार पर निशाना साधा। सोनिया गांधी ने कहा कि चुनानी बॉन्ड का मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
पत्रकार परिषद में कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि हम अपने ही पैसे का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। आईटी ने डरा-धमका कर हमसे पैसे वसूले हैं। उन्होंने बैंक मैनेजर को डराकर हमारे पैसे निकाल लिए। 210 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। सत्तापक्ष खतरनाक खेल खेल रहा है।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने कहा कि एक महीने पहले कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए, इस वजह से हम चुनाव प्रचार नहीं कर पा रहे हैं। अगर किसी परिवार के बैंक खाते फ्रीज कर दिए जाएंगे तो वह भूखा मर जाएगा। यह कांग्रेस के साथ किया गया। किसी संस्था, कोर्ट यहां तक कि चुनाव आयोग ने भी कुछ नहीं किया। आज हम रेलवे टिकट नहीं खरीद सकते हैं। अपने नेताओं को एक जगह से दूसरी जगह नहीं भेज सकते हैं। यह मुद्दा सात साल पुराना और केवल 14 लाख रुपए का है। इतनी सी बात पर कांग्रेस के सारे बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए।