बदायूं। बदायूं में नाई ने 12 साल के आयुष और 8 साल के अहान उर्फ हनी की छूरे से गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी साजिद मारा गया था, जबकि जावेद फरार हो गया था। पुलिस जावेद की तलाश कर रही है। एसपी ने बताया कि जावेद की तलाश के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी रखा गया है। जावेद के गिरफ्तार होने के बाद दोनों मासूम बच्चों की हत्या का सही कारण सामने आएगा। उधर, डीएम मनोज कुमार ने साजिद एनकाउंटर की मजिस्ट्रियल जांच करने का आदेश दिया है। मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट करेंगे और 15 दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
मुठभेड़ में मारा गया आरोपी साजिद अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा सखानू का रहने वाला था। उसकी बाबा कॉलोनी में बाल काटने की दुकान थी।
मंगलवार रात विनोद कुमार सिंह की पत्नी संगीता तीन बच्चों आयुष (13), अहान (6) और पीयूष (8) के साथ घर पर थीं और विनोद लखीमपुर खीरी गए हुए थे। साजिद शाम चार बजे दुकान बंद करके चला गया था। कुछ देर बाद वापस आया और संगीता ने पत्नी की डिलीवरी के लिए 5 हजार रुपए मांगने लगा। संगीता ने उसे बैठने के लिए कहा और वह चाय बनाने चली गई। इसी बीच साजिद विनोद कुमार सिंह के बेटे आयुष और अहान को लेकर छत पर चला गया और छूरे से गला रेतकर दोनों की हत्या कर दी। भागते समय उसके हाथ में चाकू था। वारदात के कुछ देर बाद ही आरोपी साजिद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने घटना के दूसरे दिन साजिद के पिता और उसके चाचा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि हत्यारे साजिद की पत्नी न तो गर्भवती है और न ही उसके इलाज के लिए रुपए की जरूरत थी। वह पिछले 15 दिनों से अपने मायके में रह रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि साजिद पूरी योजना बनाकर विनोद सिंह के घर गया था।