सूरत। आम आदमी पार्टी के कॉर्पोरेटर जितेन्द्र (जीतू) काछड़िया के बंगले में कल रात अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पार्षद का 17 साल का बेटा प्रिंस कमरे में फंसने के कारण गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आग लगने के बाद परिवार के छह सदस्यों ने पड़ोसी के घर में कूदकर अपनी जान बचाई।
मोटा वराछा की आनंदधारा सोसाइटी में आम आदमी पार्टी के पार्षद जीतू काछड़िया परिवार के साथ रहते हैं। उनका बड़ा बेटा पढ़ाई पूरी करने के बाद कारोबार करने लगा। 17 साल का छोटा बेटा 12वीं में पढ़ता था। प्रिंस बाेर्ड की परीक्षा देने की तैयारी कर रहा था। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीबन 2:00 बजे अचानक जीतू काछड़िया के बंगले में भीषण आग लग गई। परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। धुआं बंगले में चारों ओर फैल गया और परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए थे। जब आग लगी तब बंगले में 7 लोग मौजूद थे। प्रिंस बेडरूम में सो रहा था और आग में गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने दूसरी मंजिल से प्रिंस को गंभीर हालत में बाहर निकाला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
