हैदराबाद। ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी और रोहित शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत मुबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया। यह मुंबई की लगातार चौथी जीत है। सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 143 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 15.4 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर मैच जीत लिया। मुंबई की टीम अब 9 में से 5 मैच जीत चुकी है। मुंबई ने अंक तालिका में बड़ी छलांग लगाई है।
144 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन रोहित अपना आक्रामक रुख बरकरार रखा। मुंबई ने पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 56 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 35 गेंदों में अर्धशतक बनाया। रोहित ने 9 साल बाद आईपीएल में लगातार दो अर्धशतक लगाए। रोहित शर्मा ने 46 गेंदों पर 70 रनों की तूफानी पारी खेली। हिटमैन ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। सूर्यकुमार ने 19 गेंदों पर 40 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। विल जैक्स ने 19 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेली। मुंबई इंडियंस की टीम अब अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। टीम का नेट रन रेट काफी बेहतर हो गया है। इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसआरएच की शुरुआत बेहद खराब रही। ट्रेविस हेड 00, अभिषेक शर्मा 8, ईशान किशन 1, नीतीश कुमार रेड्डी 2 और अनिकेत वर्मा 12 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद ने मात्र 35 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन और अभिनव मनोहर ने मोर्चा संभाला और टीम की इज्जत बचाई। क्लासेन ने 44 गेंदों पर 71 रन बनाए। उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। प्रभावशाली खिलाड़ी के रूप में उतरे मनोहर ने 37 गेंदों पर 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इन दोनों की बदौलत हैदराबाद का स्कोर 140 के पार पहुंच गया।