नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के 32वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को सुपर ओवर में हरा दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 188 रन ही बना सकी, जिसके कारण मैच टाई हो गया और मैच सुपर ओवर में चला गया। सुपर ओवर में राजस्थान ने 11 रन बनाए, लेकिन दिल्ली ने चार गेंद पहले ही मैच जीत लिया। सुपर ओवर में दिल्ली के लिए केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स आए और स्टब्स ने छक्का लगाकर दिल्ली को जीत दिला दी। इस जीत के साथ दिल्ली की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। उसके छह मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक हैं।
सुपर ओवर में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी की। राजस्थान की ओर से शिमरोन हेटमायर और रियान पराग बल्लेबाजी के लिए आए, जबकि दिल्ली की ओर से तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने गेंदबाजी की। पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना और दूसरी गेंद पर हेटमायर ने चौका जड़ दिया। तीसरी गेंद पर हेटमायर ने एक रन लिया और पराग स्ट्राइक पर आ गए। पराग ने चौथी गेंद पर चौका लगाया, लेकिन इसे नो-बॉल करार दिया गया। स्टार्क ने फ्री हिट पर वाइड गेंद फेंकी, लेकिन पराग रन आउट हो गए। पराग चार रन बनाकर आउट हो गए और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर आए। पांचवीं गेंद पर हेटमायर ने शॉट मारा और दो रन के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, यशस्वी रन आउट हो गए। राजस्थान ने पांच गेंदों पर 11 रन बनाए।
सुपर ओवर में लक्ष्य का बचाव करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स की ओर से केएल राहुल और ट्रिस्टाब स्टब्स आए। राजस्थान ने संदीप शर्मा को गेंदबाजी दी। पहली गेंद पर केएल राहुल ने दो रन लिए। दूसरी गेंद पर राहुल ने चौका लगाया। तीसरी गेंद पर एक रन आया और स्टब्स स्ट्राइक पर आ गए। स्टब्स ने चौथी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी।