भुवनेश्वर। ओडिशा के तट पर अद्भुत नजारे को देखकर हर कोई हैरान है। यहां ओलिव रिडले कछुओं का महाकुंभ लग गया। लाखों कछुए अंडा देने के लिए समुद्र के किनारे आए। इस बार गंजाम जिले के रुशिकुल्या रॉकरी में कछुओं ने 6.82 लाख से अधिक अंडे देकर पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
आईएएस सुप्रिया साहू ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट करके लिखा- ओडिशा में प्रकृति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। लगभग 3 लाख ओलिव रिडले कछुए मास नेस्टिंग के लिए यहां आए हैं, इन्हें अरीबाडा के नाम से जाना जाता है। यह एक दुर्लभ घटना है। ये कछुए समुद्री जीवसृष्टि को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, और उनकी वापसी स्वस्थ आवास का एक आशाजनक संकेत है।
ओडिशा के बरहामपुर प्रभागीय वन अधिकारी सनी खोकरे के अनुसार अब तक 6.82 लाख से अधिक ओलिव रिडले कछुए समुद्र तट पर अंडे दे चुके हैं। यह संख्या 2023 में 6.37 लाख समुद्री प्रजातियों के आगमन के पिछले रिकॉर्ड को पार कर गई है।
खलीकोट रेंज अधिकारी ने कहा कि सरकार ने नए क्षेत्रों की बाड़ेबंदी की है, क्योंकि इस बार कछुओं ने न्यू पोडम्पेटा से प्रयागी तक लगभग 9 किलोमीटर के क्षेत्र में मास नेस्टिंग किया है। उन्होंने कहा कि यह बाड़ अंडों को शिकारियों से बचाने के लिए लगाई गई है। हमने अंडों की सुरक्षा के लिए पूरी सावधानी बरती है।