सूरत। शहर में शादी समारोह या अन्य कार्यक्रमों के दौरान अब सफाईकर्मी भी साथ रखना जरूरी है। वराछा में उमिया धाम मंदिर के पास एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पटाखा फोड़कर कचरा फैलाने के आरोप में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने आयोजक से 5 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया है। स्वच्छता सर्वे में सूरत को इंदौर के साथ ही पहला स्थान मिला है। नगर निगम पहले स्थान को बरकरार रखने की योजना बना रहा है। शहरवासियों को जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क पर कचरा फेंकने वालों को सीसीटीवी फुटेज के जरिए पहचान कर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई शुरू की गई है।
ये है मामला: 2 फरवरी को धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था
वराछा में उमिया धाम मंदिर के नजदीक वैशाली रोड पर 2 फरवरी को धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान डीजे के साथ रैली निकाली गई थी। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने सड़क पर पटाखा फोड़े थे। पटाखे के साथ कचरा भी फेंका गया था। वराछा जोन के स्वास्थ्य विभाग ने आयोजक से कचरा फैलाने के आरोप में 5 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया है। नगर निगम के जुर्माने की रसीद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।