देवभूमि द्वारका। पिछले एक सप्ताह से देवभूमि द्वारका और जामनगर जिले में अवैध अतिक्रमण हटाने का काम जोरों पर है। आज देवभूमि द्वारका के 7 अलग-अलग द्वीपों पर अवैध अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिए गए। जिला प्रशासन और पुलिस ने 36 अवैध निर्माणों को तोड़ दिया है। इससे सात द्वीप पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त हो गए हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार पुलिस और प्रशासनिक विभाग के सहयोग से अवैध कब्जों को हटाने के लिए मेगा ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया है।
प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा हफ्तों से चल रहे मेगा ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान दोनों जिलों के तटीय क्षेत्रों और द्वीपों पर 271 आवासीय, 7 वाणिज्यिक और 7 अन्य सहित कुल 285 अतिक्रमण हटाए गए हैं।
बता दें, देवभूमि द्वारका और जामनगर जिले देश की सुरक्षा की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण हैं। यहां से समुद्र के रास्ते पड़ोसी देशों के नजदीक हैं, इसलिए देश विरोधी गतिविधियों को रोकने और अवैध कब्जों को हटाने के लिए सरकार की ओर से पिछले दो साल से विशेष ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
जामनगर और देवभूमि द्वारका जिलों में 5 बंदरगाह, 55 लैंडिंग पॉइंट, 34 द्वीप, 15 मछली पकड़ने के पॉइंट और 11 जेटी का पहले ही सर्वे किया गया था और अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भी दिए गए थे। पुलिस की कड़ी निगरानी के साथ बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की गई। इसमें जामनगर जिले में 3 बंदरगाह, 11 द्वीप, 11 लैंडिंग पॉइंट, 3 जेटी और 6 मछली पकड़ने के स्थान शामिल हैं। देवभूमि द्वारका जिले में 2 बंदरगाह, 23 द्वीप, 44 लैंडिंग प्वाइंट, 8 जेटी और 9 मछली पकड़ने के प्वाइंट हैं। राजकोट रेंज के आईजी ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं अतिक्रमण हो या हो रहा हो तो पुलिस को सूचित करें।