नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक और संकल्प पत्र जारी किया है। इसमें शिक्षा से जुड़े कई वादे किए गए हैं। भाजपा ने संकल्प पत्र में केजी से पीजी से मुफ्त शिक्षा और ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए अलग से वेलफेयर बोर्ड बनाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही भ्रष्टाचार को रोकने का वादा भी किया है। भाजपा ने इससे पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पहला संकल्प पत्र जारी किया था, जिसमें महिलाओं के लिए महिला समृद्धि योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर माह 2500 रुपए और होली-दिवाली पर एक-एक मुफ्त सिलेंडर देने का ऐलान किया है। इसके ऊपर एलपीजी पर 500 रुपए की सब्सिडी भी दी जाएगी। वहीं, अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती है तो सरकार की आेर से गर्भवती महिलाओं को 21 हजार और न्यूट्रीशनल पैक भी दिया जाएगा। इसके साथ ही अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी तो आयुष्मान भारत योजना को भी लागू किया जाएगा।
भाजपा के दूसरे संकल्प पत्र की मुख्य बातें
- * दिल्ली के सरकारी शिक्षा संस्थाओं में जरूरत मंद छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
- * दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एसआईटी का गठन किया जाएगा।
- * दिल्ली के युवकों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
- * ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए वेलफेयर बोर्ड, 10 लाख का बीमा, 5 लाख दुर्घटना बीमा, वाहन बीमा और उनके बच्चों के लिए छात्रवृत्ति।
- * अनुसूचित जाति के छात्राें को डॉ. बीआर आंबेडकर स्टाइपेंड योजना के तहत 1000 रूपए प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।