महेसाणा। विश्व प्रसिद्ध मोढेरा सूर्य मंदिर में भव्य उत्तरार्द्ध महोत्सव 2025 का आयोजन 18 व 19 जनवरी को किया जाएगा। प्राचीन शहर मोढेरा में अद्वितीय वास्तुकला, कला और शास्त्रीय नृत्य का उत्सव मनाया जाता था। इस वर्ष उत्तरार्द्ध महोत्सव में भरतनाट्यम, ओडिसी नृत्य, कुचिपुड़ी, मोहिनी अट्टम, कथक, कथकली, मणिपुरी, कथक और सतरिया जैसे शास्त्रीय नृत्य रूप के विश्व जाने माने कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
यह महोत्सव वर्ष 1992 से राज्य सरकार द्वारा खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विभाग तथा जिला प्रशासन की संयुक्त पहल पर आयोजित किया जाता रहा है। उत्तरार्द्ध महोत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम में देश भर के विभिन्न कला क्षेत्रों के कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे।