लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। गोगी लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से आप विधायक थे। पुलिस के अनुसार गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसा शुक्रवार रात का है। गोली किसने चलाई अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है।
आम आदमी पार्टी के जिला सचिव परमवीर सिंह ने बताया कि विधायक दिन में अपने कार्यक्रमों काे निपटाने के बाद घुमार मंडी में मौजूद अपने घर गए थे। गोगी के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गोगी की पत्नी डॉ. सुखचैन ने गोली चलने की आवाज सुनी, वह जब कमरे में गई तो गोगी को खून से लथपथ पाया। इसके बाद परिवार की मदद से गोगी को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।