लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में पत्नी के साथ रात को घर के बाहर टहल रहे भाजपा विधायक सौरभ सिंह से विवाद के बाद युवकों ने हवाई फायरिंग की। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटना के वक्त विधायक का गनर कुछ ही दूरी पर था।
घटना बुधवार देर रात शहर की शिव कॉलोनी में हुई। लखीमपुर के कस्ता सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सौरभ सिंह सोनू रात को खाना खाने के बाद पत्नी के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। घर से कुछ सौ मीटर की दूरी पर संदिग्ध हालत में खड़े दो युवकों का विधायक से विवाद हो गया। विधायक ने कहा, जब मैंने उन्हें डांटा तो उन्होंने हवाई फायरिंग की और भाग गए। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। विधायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है।
विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि हम लोग रोज रात में घूमने निकलते हैं। खेत में घूमने के बाद हम खाना खाते हैं और फिर रात को टहलते हैं। खाना खाने के बाद हम लोग घूमने निकले थे। घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर दो युवक शराब पी रहे थे। विधायक ने उन्हें रोका तो वे बहस करने लगे। इसके बाद जब विधायक ने डांटा तो युवक ने हवाई फायरिंग कर दी। विधायक ने कहा कि मेरा गनर कुछ दूरी पर था। फायरिंग के बाद दोनों युवक बाइक से भाग निकले। विधायक ने पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने को कहा है। विधायक ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करायी है।