इस्तांबुल। तुर्की से मुंबई आने वाले सैकड़ों हवाई यात्रियों को गुरुवार, 12 दिसंबर को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस्तांबुल हवाई अड्डे पर कथित तौर पर इंडिगो के करीब 400 यात्री 24 घंटे तक फंसे रहे। एयरलाइन ने कहा कि प्रबंधन की वजह से उड़ान में देरी हुई।
यात्रियों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्हें पहले उड़ान में देरी के बारे में बताया गया और बाद में बताया गया कि इसे रद्द कर दिया गया है। अनुश्री भंसाली नामक यात्री ने सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट में लिखा- उड़ान में दो बार एक-एक घंटे की देरी हुई और बाद में रद्द कर दिया गया, अंततः 12 घंटे के बाद पुनर्निर्धारित किया गया।
यात्रियों ने कहा कि उड़ान में देरी के बाद इंडिगो द्वारा ठहरने और भोजन की कोई व्यवस्था नहीं की गई। एयरपोर्ट पर इंडिगो के प्रतिनिधि ने भी संपर्क नहीं किया। मुंबई जाने का इंतजार कर रहे पार्श्व मेहता ने लिखा- रात 8 बजे की उड़ान को रात 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया और बाद में अगले दिन सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इसके अलावा इंडिगो द्वारा घोषणा न करने और टर्किश एयरलाइंस के चालक दल को सूचित न करने से एयरपोर्ट पर अव्यवस्था फैल गई।