उधमपुर। जम्मू-कश्मीर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां उधमपुर में पुलिस वैन में दो पुलिसकर्मियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के शरीर पर गोली के निशान दिखाई दे रहे हैं। एक पुलिसकर्मी घायल है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्राथमिक जांच में पाया गया कि दोनों पुलिसकर्मियों की मौत एक-दूसरे पर गोली चलाने के बाद हुई। घटना के पीछे आपसी झगड़े का संदेह है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 6.30 बजे उधमपुर जिला मुख्यालय में काली माता मंदिर के बाहर पुलिस वैन के अंदर दो पुलिसकर्मियों के गोलियों से छलनी पड़े थे।
एसएसपी उधमपुर आमोद नागपुरे ने बताया कि घटना सुबह 6.30 बजे हुई। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, यह साबित हो गया है कि घटना में एके-47 राइफल का इस्तेमाल किया गया। दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। तीसरा पुलिसकर्मी सुरक्षित है। उन्हें पोस्टमॉर्टम और अन्य प्रक्रियाओं के लिए जीएमसी उधमपुर ले जाया जाएगा।