जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भयानक हादसा हो गया है। यहां के दच्छन में डागदोरु परियोजना स्थल से 15 से 20 लोगों को ले जा रहा एक वाहन पलट गया। वाहन में सवार लोग परियोजना में काम करने वाले श्रमिक बताये जा रहे हैं। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि 13 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को किश्तवाड़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि एक वाहन कर्मचारियों को ले जा रहा था। इसी दौरान चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी दच्छन में त्रिथल नहर के पास घाटी में जा गिरा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा है- डागदोरू में हादसे की जानकारी मिली है। मैंने किश्तवाड के डीसी राजेश कुमार के साथ बातचीत की है। मौके पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मेरा कार्यालय लगातार संपर्क में है।