चेन्नई। चक्रवात फेंगल ने भारत और श्रीलंका में जमकर तबाही मचाई है। इस आपदा से अब तक 5 लोगों की जान जा चुकी है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में इतनी बारिश हुई है कि वहां के लोगों का हाल बेहाल हो गया है। पुडुचेरी में बारिश ने 30 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात फेंगल ने भारत के दक्षिणी तट और बंगाल की खाड़ी को पार करने के बाद कहर बरपाया है। पुडुचेरी में 24 घंटे भारी बारिश हुई। तमिलनाडु, पुडुचेरी और चेन्नई में भारी बारिश के कारण कई सोसाइटियां जलमग्न हो गई हैं। जलप्लावन के कारण पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चेन्नई के कई इलाके अब भी जलमग्न हैं। बाढ़ के पानी से वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फेंगल तूफान को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत स्थानीय पुलिस के जवान लोगों की मदद में जुटे हुए हैं। पुडुचेरी के लोगों को तूफान से बचाने के लिए भारतीय सेना लगातार काम कर रही है।
आईएमडी ने चक्रवात फेंगल के 3 दिसंबर तक कमजोर होने की भविष्यवाणी की है। चक्रवात की आपदा से बचने के लिए तमिलनाडु के कुड्डालोर, विल्लुपुरम, कृष्णागिरी में सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा है कि इस प्राकृतिक आपदा से 69 लाख परिवार और 1.5 लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (एनडीआरएफ) से 2000 करोड़ रुपये जारी करने का अनुरोध किया है।