मुंबई। नागपुर जिले में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी (शरद पवार) नेता अनिल देशमुख की कार पर पथराव किया गया, जिसमें वे घायल हो गए हैं। उनके सिर में चोट लगी है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अनिल देशमुख के बेटे सलिल देशमुख एनसीपी शरद पवार के टिकट पर काटोल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अनिल देशमुख बेटे का चुनाव प्रचार करने गए थे। इस दौरान नरखेड में जनसभा को संबोधित करके वापस लौट रहे थे, तभी अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर पथराव कर दिया। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है। नागपुर के पुलिस अधीक्षक (देहात) हर्ष पोद्दार ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने कहा, जांच शुरू हो गयी है। पुलिस हमला के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।