ओखा। पाकिस्तानी नौसैनिकों ने रविवार देर रात भारतीय फिशिंग बोर्ट पर फायरिंग की। मछुआरे तो बच गए, पर उनकी नाव समुद्र में डूब गई। फायरिंग के बीच भारतीय कोस्ट गार्ड ने मछुआरों की जान बचाई।
जानकारी के अनुसार रविवार को अरब सागर में आईएमबीएल के पास फायरिंग की घटना हुई, जिसमें भारतीय मछुआरों की नावों पर पाकिस्तानी नौसैनिकों ने गोलीबारी की। हालांकि, जैसे ही पाकिस्तान ने गोलीबारी की, भारतीय तटरक्षक दल तुरंत मौके पर पहुंच गया और मछुआरों को बचा लिया। गोलीबारी की घटना में मछुआरों की नाव क्षतिग्रस्त हो गई और समुद्र में डूब गई। इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बताया जा रहा है कि तटरक्षक बल की टीम मछुआरों को दोपहर बाद ओखा बंदरगाह लाएगी। भारतीय जल सीमा के पास पाक नौसैनिकों द्वारा गोलीबारी की घटना से गुजरात के मछुआरों में डर का माहौल है।