कासरगोड। केरल में दिवाली से पहले दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कासरगोड के एक मंदिर में उत्सव के दौरान पटाखों के भंडारण में जोरदार विस्फोट हो गया। जिसके चलते 150 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। इसमें 8 लोगों की हालत गंभीर है और घायलों का इलाज चल रहा है।
शुरुआती जांच के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ जब अंजूतामबलम वीरकावु मंदिर में वार्षिक उत्सव कलियाट्टम मनाया जा रहा था। कार्यक्रम में हजारों लोग आए थे। लोग अनुष्ठान को देख रहे थे, तभी मंदिर में रखे पटाखों में रात 12:30 बजे अचानक आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते चारों ओर आग फैल गई। कासरगोड पुलिस ने बताया कि हादसे में 150 से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं, 8 की हालत गंभीर है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।