सूरत। पुलिस आमतौर पर नियम तोड़ने वालों का चालान काटकर जुर्माना वसूल करती है, पर सूरत पुलिस ने वाहन चालकों को समझाने के लिए नई पहल शुरू की है। पुलिस चालान काटने के बदले वाहन चालकों को दिवाली का ग्रीटिंग्स कार्ड देकर समझा रही है।
शहर में ट्रैफिक समस्या को दूर करने के लिए पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया किया गया है। पुलिस का यही प्रयास है कि लोग स्वत: यातायात के नियमों का पालन करें। दिवाली पर नियम तोड़ने वालों से जुर्माना वसूलने के बदले पुलिस उन्हें ग्रीटिंग्स कार्ड देकर समझाने का प्रयास कर रही है।
ट्रैफिक एसीपी एसआर टंडेल ने बताया कि अक्सर दिवाली पर लोग यातायात के नियमों को तोड़ते हैं। वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए ग्रीटिंग्स कार्ड देकर उन्हें समझाया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को दोबारा ऐसी भूल न करने की सूचना दी जा रही है। यातायात के नियमों को तोड़ने से दुर्घटना होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। वाहन चलाते समय लापरवाही से जान भी जा सकती है।