अहमदाबाद। अहमदाबाद शहर में इमारतों और सड़कों के किनारे बड़े-बड़े साइनबोर्ड और विज्ञापनों के होर्डिंग्स लगे हुए हैं। कांकरिया इलाके में नगर निगम की ओर से लगाया गया साइनबोर्ड गिरने से दोपहिया वाहन पर जा रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गये।
जानकारी के अनुसार शहर के कांकरिया इलाके में अहमदाबाद नगर निगम की ओर से मुख्य सड़क पर एक साइन बोर्ड लगाया गया है, जो अचानक ढह गया। साइनबोर्ड वहां से दोपहिया वाहन पर गुजर रहे एक परिवार पर गिर गया, जिससे एक बच्चे का हाथ टूट गया, जबकि दो अन्य घायल हो गये। साइन बोर्ड के अचानक गिरने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायलाें को अस्पताल ले जाया गया।
सौभाग्य से इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, अगर कोई हताहत होता, तो कौन जिम्मेदार होता? साइनबोर्ड की मजबूती को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं। मामूली सी हवा में साइनबोर्ड ढह गया। अगर शहर में तेज हवाएं चलती हैं तो पूरे अहमदाबाद में लगे बड़े-बड़े होर्डिंग्स और साइनबोर्ड टूट सकते हैं और बड़ी जनहानि हो सकती है। बता दें, कुछ महीने पहले मुंबई में एक साइनबोर्ड गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई थी, 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।