Wednesday, March 19, 2025
Homeराष्ट्रीय23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी में दस्तक दे सकता है दाना...

23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी में दस्तक दे सकता है दाना तूफान: ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक और चक्रवात की चेतावनी दी है। आईएमडी के अनुसार चक्रवात ‘दाना’ 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी में दस्तक दे सकता है, जिसके चलते ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने एक विशेष बुलेटिन में कहा है कि अगले 24 घंटों में अंडमान सागर के ऊपर बना चक्रवाती साइक्लोनिक सर्कुलेशन सोमवार तक कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 22 अक्टूबर की सुबह तक दबाव बन जाएगा। इसके बाद इस सिस्टम के 23 अक्टूबर तक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में बदलने की उम्मीद है।
आईएमडी ने यह भी कहा कि मौसम प्रणाली के चक्रवाती तूफान में बदलने के बाद उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 अक्टूबर की सुबह ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास पहुंचने की प्रबल संभावना है। इस सिस्टम के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 21 अक्टूबर तक समुद्र से वापस लौटने की सलाह दी है।

आईएमडी ने कहा कि चक्रवाती तूफान के कारण 20 और 21 अक्टूबर को अंडमान द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। ओडिशा में 23 से 25 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 23 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल, 24 और 25 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार भारत, बांग्लादेश और म्यांमार सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। दक्षिण भारत में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 20 अक्टूबर को कर्नाटक, 25 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, 20 से 23 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, 20 और 24 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश हो सकती है। रायलसीमा में 20 अक्टूबर, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 20 और 21 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments