चंडीगढ़। नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पवन कल्याण, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिंमता बिस्वा सरमा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और भाजपा शासित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, एनडीए के दिग्गज नेता मौजूद रहे। पंचकूला के दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने नायब सिंह सैनी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हरियाणा में 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में भाजपा ने 90 में से 48 सीटें जीती थी, जबकि कांग्रेस को 37 सीटें मिली हैं।
नायब सैनी के बाद अनिल विज ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद कृष्णलाल पंवार को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राव रणबीर सिंह, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी, पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत की बेटी आरती राव, राजेश नागर, गौरव गौतम ने मंत्री पद की शपथ ली।